Sunita Williams Latest News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नासा की मशहूर अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को एक भावुक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने सुनीता की सुरक्षित वापसी की कामना की और उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया। पत्र को केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने साझा किया, जिसे पढ़कर हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया।
पत्र में क्या लिखा पीएम मोदी ने?
पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, “भले ही आप हजारों मील दूर अंतरिक्ष में हो, लेकिन आप हमारे दिल के बेहद करीब हो।” उन्होंने कहा कि भारत के 1.4 अरब लोग सुनीता की सुरक्षित वापसी और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। पीएम ने सुनीता के साहस और दृढ़ निश्चय की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यह यात्रा हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सुनीता के कामों पर पीएम को गर्व
पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात अंतरिक्ष यात्री माइक मैसिमिनो से हुई थी। उस चर्चा में सुनीता का जिक्र आया, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने यह पत्र लिखा। उन्होंने कहा, “जब भी मैं अमेरिका जाता हूं और वहां भारत की बात होती है, तो मैं गर्व से आपके बारे में बात करता हूं।”
सुनीता के परिवार को याद किया
पीएम मोदी ने पत्र में सुनीता की मां बोनी पंड्या और दिवंगत पिता दीपकभाई को भी याद किया। उन्होंने लिखा, “आपकी मां आपकी सुरक्षित वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रही होंगी।” पीएम ने 2016 में सुनीता और उनके पिता से हुई मुलाकात को भी याद किया।
भारत आने का निमंत्रण
पीएम मोदी ने सुनीता को भारत आने का निमंत्रण देते हुए लिखा, “भारत को अपनी इस बेटी की मेजबानी करने पर गर्व होगा।” उन्होंने सुनीता के पति माइकल विलियम्स और सहयोगी अंतरिक्ष यात्री बैरी विलमोर को भी शुभकामनाएं दीं।




