PM Modi in Bikaner: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर की धरती से देश को संबोधित करते हुए हाल ही में सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की चर्चा की और इसके जरिए पाकिस्तान समेत उसे समर्थन देने वाले चीन और तुर्की जैसे देशों पर परोक्ष हमला बोला। उन्होंने कहा, “जिन्हें अपने हथियारों पर घमंड था, वे आज खुद मलबे के नीचे दबे हैं। हिंदुस्तान के खून की एक-एक बूंद का हिसाब लिया गया है।”
पीएम मोदी ने यह भी याद दिलाया कि पहलगाम में जब हमारे बहनों के सिंदूर को उजाड़ा गया, तब पूरा देश भीतर से कांप उठा। इसके जवाब में भारत ने आतंक के खिलाफ सटीक और सख्त कार्रवाई की। ऑपरेशन सिंदूर के तहत दुश्मन के 9 सबसे बड़े ठिकाने केवल 22 मिनट में तबाह कर दिए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीकानेर में अपने भाषण के दौरान पाकिस्तान पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कभी सामने से लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाया, इसलिए उसने आंतक को अपना हथियार बना लिया। सालों से वह पीठ पीछे वार करता रहा, मगर अब हालात बदल चुके हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज मां भारती का एक सच्चा सिपाही दिल्ली में सीना तानकर खड़ा है। “मोदी का मन शांत रहता है, लेकिन रगों में खून नहीं, जलता हुआ सिंदूर दौड़ता है। अब आतंक का जवाब उसी की भाषा में दिया जाएगा। हमारी नीति साफ है — जो देश के खिलाफ साजिश रचेगा, उसका अंत तय है।”
प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा कि अब भारत सिर्फ जवाब नहीं देगा, बल्कि आतंक के हर ठिकाने को जड़ से मिटा देगा। यह नया भारत है, जो किसी के डर से नहीं झुकता, और न ही भूलता है।
एयर डिफेंस सिस्टम ने दिखाई ताकत, पाकिस्तानी मिसाइल ढेर
प्रधानमंत्री ने बताया कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान की तरफ से दागी गई PL-15E मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया। यह मिसाइल चीन में बनी थी और इसके टुकड़े पंजाब के होशियारपुर में एक खेत में मिले थे। वायुसेना ने 12 मई को इसका मलबा सार्वजनिक तौर पर दिखाया।
इसके साथ ही, तुर्की ने भी पाकिस्तान को करीब 350 ड्रोन और उनके ऑपरेटर भेजे थे, जबकि 4 मई को उसका युद्धपोत ‘टीसीजी बुयुकडा’ कराची पोर्ट पर पहुंचा था। लेकिन भारत की रणनीति के आगे ये सारे प्रयास फेल हो गए।
सीना छलनी करने वाली गोलियों का जवाब, देश ने एकजुट हो लिया
पीएम मोदी ने कहा, “जो गोलियां पहलगाम में चली थीं, उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों का सीना छलनी कर दिया था। लेकिन उसी दर्द ने पूरे देश को एकजुट किया और हर नागरिक ने संकल्प लिया कि आतंक को जड़ से खत्म करना है। हमारी सेना ने वही किया — बिना किसी रुकावट के।”
उन्होंने बताया कि सरकार ने तीनों सेनाओं को पूरी छूट दी थी और सेना ने ऐसा चक्रव्यूह रचा कि पाकिस्तान को घुटनों पर आना पड़ा। यह सेना के शौर्य और देशवासियों के समर्थन का ही नतीजा है।
बालाकोट से बीकानेर तक, वीरभूमि का संयोग
प्रधानमंत्री ने इसे संयोग बताया कि जैसे 5 साल पहले बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद उनकी पहली जनसभा राजस्थान में हुई थी, वैसे ही इस बार ऑपरेशन सिंदूर के बाद भी उनकी पहली सभा बीकानेर की सीमा पर हो रही है। उन्होंने राजस्थान की वीर भूमि को नमन करते हुए कहा, “यह धरती हमें सिखाती है कि देश से बड़ा कुछ नहीं। जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया गया है।”




