Shukravar Puja Vidhi: हिंदू धर्म में हर दिन का संबंध किसी न किसी देवी-देवता से होता है। शुक्रवार का दिन विशेष रूप से मां लक्ष्मी और संतोषी माता को समर्पित है। ऐसा माना जाता है कि इस दिन मां लक्ष्मी की पूजा करने से धन और समृद्धि की प्राप्ति होती है। वहीं, संतोषी माता की पूजा से जीवन में सुख-शांति आती है। आइए जानते हैं कि शुक्रवार को इन देवियों की पूजा कैसे की जाए और कौन से उपाय जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
मां लक्ष्मी की पूजा विधि और लाभ
धन और वैभव की देवी माता लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए शुक्रवार का दिन अत्यंत शुभ माना गया है। इस दिन वैभव लक्ष्मी व्रत रखने का विधान है, जिसमें भक्त एक समय भोजन ग्रहण करता है। मान्यता है कि इस दिन मां लक्ष्मी का पूजन करने से जीवनभर धन की कमी नहीं होती। सुबह और शाम माता लक्ष्मी के सामने दीपक जलाएं और उन्हें फल, फूल और मिठाई अर्पित करें। घर में लक्ष्मी जी का श्रीयंत्र स्थापित करना भी शुभ होता है। तुलसी के सामने घी का दीपक जलाना भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि तुलसी में मां लक्ष्मी का वास माना जाता है।
संतोषी माता की पूजा से सुख-शांति
संतोषी माता को खुशहाली प्रदान करने वाली देवी माना गया है। मान्यता है कि 16 शुक्रवार को संतोषी माता का व्रत करने से सभी चिंताएं दूर हो जाती हैं और जीवन में सुख-शांति का वास होता है। इस व्रत में खट्टी चीजों का सेवन वर्जित है। भक्तों का विश्वास है कि इस व्रत से रोग-बीमारियां दूर रहती हैं और परिवार में खुशहाली आती है।
शुक्रवार को दान करने विशेष वस्तुएं
शुक्रवार को सफेद चीजों का दान करना शुभ माना जाता है, जैसे चावल, मिश्री, दूध, दही, चीनी और सफेद मिठाई। इन चीजों के दान से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। गुड़ या खीर का दान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है। विवाहित महिलाओं को सोलह श्रृंगार का सामान दान करना चाहिए, जिससे दांपत्य जीवन में सुख बना रहता है। गाय को पालक या पहली रोटी खिलाना भी शुभ माना गया है, क्योंकि गाय में सभी देवी-देवताओं का वास होता है।




