Weather Update: राजस्थान में ठंड का असर बढ़ता ही जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए राज्य के 14 जिलों में शीतलहर की संभावना जताई है। इनमें अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझनू, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर, बीकानेर, चूरू, नागौर और डीडवाना-कुचामन शामिल हैं। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रदेश में कई जगहों पर तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंच गया है, जिससे दिन और रात दोनों समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। इसी बीच, जयपुर सहित अन्य स्थानों पर वायु प्रदूषण में कमी देखी गई है, जो किसी राहत से कम नहीं।
फतेहपुर में हाड़ कंपाने वाली ठंड
सीकर जिले के फतेहपुर में ठंड का प्रहार सबसे अधिक महसूस किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, बाड़मेर में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री दर्ज किया गया है। अन्य जिलों में नागौर में 1.9°C, सीकर में 3.0°C और दौसा में 4.4°C तक तापमान दर्ज किया गया। जयपुर में भी ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है।
हवा की गुणवत्ता में सुधार
ठंडी हवाओं के चलते प्रदूषण में कमी आई है। जयपुर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 122 पर आ गया है, जबकि भिवाड़ी में यह आंकड़ा 241 तक पहुंचा है।
आने वाले दिनों की स्थिति
मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि राजस्थान में सर्दी का यह दौर अभी बरकरार रहेगा। जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, जिससे दिन के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





