Jaipur CM News: राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 के जरिए लोगों की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री खुद इसकी मॉनिटरिंग करते हैं और समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को सचिवालय जाकर वहां पहुंचे लोगों से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जाए। इस दौरान, जोधपुर के ग्राम सुराणी के छगनलाल ने गांव में कम वोल्टेज की समस्या की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने तुरंत ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया, जिसके बाद गांव में बिजली आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है।
बिजली समस्या से राहत, लोगों में खुशी
छगनलाल के निवेदन पर मुख्यमंत्री की कार्रवाई ने जोधपुर के ग्राम सुराणी के निवासियों के चेहरों पर खुशी ला दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बहुत समय से बिजली की समस्या थी, लेकिन मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से यह समस्या अब हल हो चुकी है।
हैंडपंप मरम्मत से ग्रामीणों को मिली राहत
करौली के नादौती के ग्राम बरदाला निवासी नवल किशोर शर्मा ने हैंडपंप से संबंधित अपनी परेशानी साझा की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पीएचईडी अभियंताओं ने हैंडपंप को दुरुस्त कर दिया। लोगों ने कहा कि अब पानी की समस्या का समाधान हो गया है और लोगों ने राहत की सांस ली है।
रोजगार मिशन पर मुख्यमंत्री की तत्परता
भीलवाड़ा-आसींद के ग्राम बाराखेड़ा के विष्णु ने रोजगार गारंटी भुगतान में देरी की समस्या उठाई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तुरंत मामले को भारत सरकार के अधिकारियों तक पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार, इस संबंध में कार्रवाई जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन राज्य सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है, जिसके माध्यम से लोग अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचा सकते हैं और समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर कॉल का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





