Rajasthan Cold Wave: राजस्थान में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। मौसम विभाग ने 14 जनवरी को कुछ जिलों में सर्दी का यलो अलर्ट जारी किया है, लेकिन आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद है। 19 जनवरी से मौसम में एक बार फिर बदलाव की संभावना है, जब हल्की बारिश के आसार हैं।
ठंड से राहत, धूप ने बढ़ाया तापमान
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से उत्तरी हवाएं कमजोर हो गई हैं, जिससे दिन के तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। दिन के वक्त ठंडी हवाएं थम गई हैं और धूप भी तेज हो गई है, जिससे अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, सुबह और शाम की सर्दी अब कम होने लगी है।
शेखावाटी में भी ठंड का कम हुआ असर
शेखावाटी क्षेत्र में भी दिन की ठंड में कमी आई है। सीकर का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि फतेहपुर में यह 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री की वृद्धि देखी गई है, जिससे पहले की तुलना में ठंड कम महसूस हो रही है।
करौली में पारा सबसे नीचे
मंगलवार को करौली में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि जयपुर में यह 10 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया है, जिससे सुबह की सर्दी में भी कमी आई है।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना
18 जनवरी तक राजस्थान में मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन 19 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके चलते भरतपुर, जयपुर और बीकानेर संभाग में मौसम में बदलाव हो सकता है। आसमान में बादल छा सकते हैं और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है, जिसका असर 2 से 3 दिन तक रह सकता है।




