US Iran Ceasefire: पिछले चालीस दिनों से जारी अमेरिका और ईरान के बीच का भीषण तनाव अब थम गया है। दोनों देश चौदह दिनों के युद्ध विराम के लिए राजी हो गए हैं। इस समझौते के तहत ईरान अपनी शर्तों के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य यानी स्ट्रेट खोलने को तैयार है। दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस सैन्य कार्रवाई को अपनी बड़ी कामयाबी बताया है। व्हाइट हाउस का कहना है कि उनकी सेना की ताकत की वजह से ही ईरान बातचीत की मेज पर आया है।
इस शांति समझौते में पाकिस्तान का क्या रोल रहा?
ईरान और अमेरिका इस फैसले पर तब पहुंचे जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के बुनियादी ढांचे को तबाह करने की चेतावनी दी थी। तनाव के चरम पर होने के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके सेना प्रमुख ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई। अंतिम समय में हुई इस डील के लिए ट्रंप ने खुद पाकिस्तानी नेतृत्व का आभार जताया है। अब आगामी 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में दोनों देशों के प्रतिनिधि औपचारिक चर्चा के लिए आमने-सामने बैठेंगे।
ईरान के वे 10 सूत्रीय प्रस्ताव क्या हैं?
ईरान ने पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका के सामने अपनी मांगों की एक सूची रखी है। इन्ही शर्तों के आधार पर अगले दो हफ्ते की शांति तय हुई है। इन प्रमुख बिंदुओं में शामिल हैं:
- ईरान पर लगे सभी आर्थिक प्रतिबंधों को फौरन हटाया जाए।
- क्षेत्र में मौजूद सैन्य ठिकानों से अमेरिकी फौज की वापसी हो।
- होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का पूरा नियंत्रण बरकरार रहेगा।
- युद्ध के दौरान हुए नुकसान का हर्जाना अमेरिका को देना होगा।
- यूरेनियम संवर्धन के ईरान के अधिकार को दुनिया मान्यता दे।
- भविष्य में फिर से हमला न करने की लिखित गारंटी दी जाए।
- हिजबुल्लाह समेत लेबनान के सभी मोर्चों पर जंग खत्म की जाए।
क्या ट्रंप और ईरान दोनों अपनी जीत का दावा कर रहे हैं?
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस 10 सूत्रीय प्रस्ताव को बातचीत का एक सही आधार माना है। उन्होंने दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान कर इसे कूटनीतिक जीत बताया है। वहीं ईरान की सुरक्षा परिषद ने भी इस समझौते को अपनी जीत करार दिया है। ईरान का कहना है कि उनकी रक्षात्मक कार्रवाई तभी रुकेगी जब उन पर होने वाले हमले पूरी तरह बंद रहेंगे। फिलहाल होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही ईरानी सेना की निगरानी में शुरू होगी।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


