Dipika Kakar: टीवी की दुनिया की मशहूर अभिनेत्री दीपिका कक्कड़ इन दिनों अपनी सेहत को लेकर काफी मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। ससुराल सिमर का शो से हर घर में अपनी पहचान बनाने वाली दीपिका को लेकर पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बनी हुई हैं। आपको बता दें कि पिछले साल खुलासा हुआ था कि वह लिवर कैंसर जैसी गंभीर स्थिति से जूझ रही हैं और हाल ही में उनके पेट में सिस्ट होने की बात भी सामने आई है। इन बीमारियों की वजह से उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। हालांकि इस कठिन समय में उनके पति और अभिनेता शोएब इब्राहिम साये की तरह उनके साथ हैं और उन्हें हिम्मत दे रहे हैं। हाल ही में इस कपल ने एक वीडियो के जरिए फैंस को अपनी मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से बताया है।
क्या MRI स्कैन के दौरान टूट गई थीं दीपिका और रिपोर्ट में क्या निकला?
अपने हालिया व्लॉग में दीपिका और शोएब ने बताया कि डॉक्टरों के सुझाव के बाद वे नियमित रूप से MRI स्कैन करवा रहे हैं। दीपिका ने बताया कि इस बार का टेस्ट उनके लिए मानसिक रूप से बहुत भारी था। वह स्कैन रूम और मशीन को देखकर इतना घबरा गईं कि उनके आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने मशीन के अंदर और बाहर दोनों समय काफी रोया। दीपिका का मानना है कि ऐसे वक्त में रो लेने से मन का बोझ हल्का हो जाता है और उन्हें अंदर से मजबूती मिलती है। शोएब ने बताया कि इस बार दीपिका ने हिम्मत दिखाते हुए एक ही बार में पूरा स्कैन करवा लिया, जो उनके डर को देखते हुए एक बड़ी जीत थी। जब इस टेस्ट की रिपोर्ट आई तो उसमें दो छोटे स्पॉट दिखाई दिए हैं, जिसने फैंस की चिंता को थोड़ा और बढ़ा दिया है।
रिपोर्ट में स्पॉट दिखने के बाद अब क्या होगा अगला कदम?
रिपोर्ट्स में दो छोटे स्पॉट दिखने के बाद जब इस कपल ने डॉक्टर से सलाह ली, तो उन्हें बताया गया कि फिलहाल ये स्पॉट काफी छोटे हैं इसलिए डरने या कोई तुरंत बड़ा इलाज शुरू करने की जरूरत नहीं है। डॉक्टरों ने दीपिका को एक महीने बाद फिर से स्कैन कराने की सलाह दी है ताकि उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा सके। हालांकि दीपिका की रिकवरी को तेज करने के लिए शोएब ने बताया कि वह इसी हफ्ते से इम्यूनोथेरेपी शुरू करने वाली हैं। यह एक आधुनिक चिकित्सा पद्धति है जिसमें शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को इतना शक्तिशाली बना दिया जाता है कि वह खुद ही कैंसर जैसी घातक बीमारियों से लड़ सके। इसमें दवाओं को ड्रिप, इंजेक्शन या गोलियों के जरिए शरीर में पहुंचाया जाता है। फैंस अब लगातार दीपिका के जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


