Rawlin Varghese Success Story: एड्रियाना लीमा, बेला हदीद और गिगी हदीद जैसी दुनिया की मशहूर सुपरमॉडल्स के साथ जब केरल के एक छोटे से गांव की लड़की ने कदमताल की, तो पूरी दुनिया देखती रह गई। 18 अक्टूबर 2026 को लॉस एंजिल्स में आयोजित हुए प्रतिष्ठित विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो में रवलिन वर्गीस ने न सिर्फ रैंप वॉक की, बल्कि वह इस वैश्विक मंच तक पहुंचने वाली पहली मलयाली मॉडल बन गई हैं। रवलिन ने इस मेगा इवेंट में एक नहीं बल्कि दो अलग-अलग लुक्स के साथ अपनी खूबसूरती का जादू बिखेरा। पहली बार वह गुलाबी रंग के लेस वाले लॉन्जरी सेट और लंबे रोब में बेहद आकर्षक नजर आईं, वहीं अपनी दूसरी वॉक में उन्होंने काले और सफेद रंग के तालमेल वाले आउटफिट में लुइजा पेरोट और मलिका एल मस्लूही जैसी मॉडल्स के साथ महफिल लूट ली।
क्या था रवलिन का दिल्ली से न्यूयॉर्क तक का सफर?
रवलिन वर्गीस का अंतरराष्ट्रीय फैशन की ऊंचाइयों तक पहुंचने का रास्ता किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। वह केरल के पथानमथिट्टा जिले के कोडुमोन गांव की रहने वाली हैं, जहां से निकलकर इतने बड़े मुकाम को हासिल करना एक बड़ी मिसाल है। दिलचस्प बात यह है कि रवलिन कभी मॉडल बनने का सपना लेकर घर से नहीं निकली थीं। वह महज 18 साल की उम्र में फैशन डिजाइनिंग की पढ़ाई करने के इरादे से दिल्ली आई थीं। यहां उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी यानी एनआईएफटी में दाखिला लिया। पढ़ाई के दौरान ही उन्हें मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे और धीरे-धीरे डिजाइनिंग सीखने आई यह लड़की खुद एक इंटरनेशनल मॉडल बन गई।
किन बड़े ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं रवलिन?
विक्टोरिया सीक्रेट फैशन शो 2026 तक पहुंचने से पहले रवलिन ने खुद को फैशन की दुनिया में मजबूती से स्थापित किया है। वह Dior और Loewe जैसे लग्जरी वैश्विक ब्रांड्स के लिए काम कर चुकी हैं। इतना ही नहीं, भारतीय फैशन के दिग्गज सब्यसाची के साथ भी उनका काम करने का अनुभव रहा है। न्यूयॉर्क फैशन वीक जैसे बड़े आयोजनों में हिस्सा लेकर उन्होंने पहले ही साबित कर दिया था कि उनमें लंबी रेस का घोड़ा बनने की पूरी काबिलियत है। रवलिन की यह सफलता उन सभी युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो छोटे शहरों और सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखने का साहस करते हैं।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


