Amitabh Bachchan: मुंबई के जुहू में स्थित जिस ‘जलसा’ बंगले की दहलीज पर खडे होकर सदी के महानायक हर रविवार अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करते हैं, अब वही आलीशान आशियाना एक गंभीर कानूनी लडाई के केंद्र में आ गया है। ताज्जुब की बात यह है कि इस विवाद की चिंगारी किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि बच्चन परिवार के ही एक सदस्य ने सुलगाई है। अमिताभ बच्चन के छोटे भाई अजिताभ बच्चन की पत्नी रमोला बच्चन ने साल 1993 में हुई एक गिफ्ट डीड को चुनौती देते हुए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है। इस खबर ने बॉलीवुड गलियारों में हडकंप मचा दिया है क्योंकि जिस बंगले को फैंस एक मंदिर की तरह पूजते हैं, उसकी मालकियत अब सवालों के घेरे में खडी हो गई है।
सादे कागज पर हुआ था खेल?
इस पूरे विवाद की जड करीब तीन दशक पुरानी है। रमोला बच्चन का दावा है कि साल 1993 में एक संदिग्ध गिफ्ट डीड के जरिए इस बेशकीमती संपत्ति को गुपचुप तरीके से जया बच्चन के नाम कर दिया गया था। रमोला ने रजिस्ट्रेशन अथॉरिटीज को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि यह पूरी प्रक्रिया उनकी जानकारी के बिना हुई थी। सबसे चौंकाने वाला दावा यह है कि यह महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी आधिकारिक स्टांप पेपर के बजाय एक सादे कागज पर तैयार किया गया था और इसके लिए जरूरी स्टांप ड्यूटी का भुगतान भी नहीं किया गया था। रमोला पिछले सात महीनों से लगातार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं ताकि इस कथित हेरफेर का सच सामने आ सके।
दस्तावेजों में छिपा है असली पेंच?
रमोला बच्चन की शिकायत के बाद जब सरकारी रिकॉर्ड्स की जांच हुई, तो वहां भी बडा विरोधाभास देखने को मिला है। रमोला का कहना है कि जहां एक तरफ कपोल हाउसिंग सोसायटी के रिकॉर्ड में यह बंगला जया बच्चन के नाम पर दर्ज हो चुका है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी प्रॉपर्टी कार्ड पर अभी भी पुराना नाम ही चल रहा है। इस कागजी गडबडी को आधार बनाकर उन्होंने मालिकाना हक पर अपना दावा पेश किया है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी रजिस्ट्रार फैयाज मौलानी ने आधिकारिक सुनवाई शुरू कर दी है। विभाग ने अब बच्चन परिवार और रमोला बच्चन, दोनों ही पक्षों को अपने-अपने पुख्ता सबूत और दस्तावेज पेश करने का कडा निर्देश दिया है।
क्या खामोशी तोडेगा बच्चन परिवार?
अमिताभ बच्चन अपनी बेदाग छवि और विवादों से दूरी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन परिवार के भीतर से उठे इस विरोध ने उन्हें चर्चा में ला दिया है। फिलहाल अमिताभ या उनके परिवार की ओर से इस कानूनी नोटिस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन प्रशासनिक जांच शुरू होने से मामला पेचीदा हो गया है। फैंस इस बात से हैरान हैं कि क्या वाकई जलसा के कागजों में कोई कमी रह गई थी या यह महज एक पारिवारिक मतभेद है। अब सबकी नजरें डिप्टी रजिस्ट्रार की अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह साफ होगा कि मुंबई की यह मशहूर पहचान किस के पास रहेगी।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


