Drishyam 4: सोशल मीडिया पर इस वक्त केरल पुलिस को टैग करके एक ही मांग की जा रही है कि अब बस बहुत हुआ, जॉर्जकुट्टी का एनकाउंटर कर दो और इस कहानी को यहीं खत्म करो। जैसे ही मलयालम सिनेमा की सबसे चर्चित थ्रिलर फ्रेंचाइजी के चौथे भाग का आधिकारिक ऐलान हुआ, वैसे ही इंटरनेट पर मीम्स की बाढ आ गई है। जहां एक तरफ सुपरस्टार मोहनलाल के फैंस अपने पसंदीदा किरदार जॉर्जकुट्टी को दोबारा पर्दे पर देखने के लिए बेताब हैं, वहीं दूसरी तरफ नेटिजन्स इस मर्डर मिस्ट्री के खिंचते जाने पर जमकर चुटकी ले रहे हैं। आलम यह है कि लोग अब इस फिल्म को अजय देवगन रोजगार योजना तक कहने लगे हैं।
क्या वरुण का कंकाल मांग रहा है अपना हक?
सोशल मीडिया पर एक मीम ने सबका ध्यान खींचा जिसमें दिखाया गया कि वरुण का कंकाल अब खुद जॉर्जकुट्टी के परिवार से सवाल पूछ रहा है कि आखिर कब तक यह केस चलता रहेगा। एक यूजर ने तो हद ही कर दी और केरल पुलिस के साथ विपक्ष के नेता वीडी सतीशन को टैग करते हुए लिख दिया कि उसने खून कर दिया है और अब उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जाए। यह मजाक सीधे तौर पर फिल्म की उस कहानी पर प्रहार है जिसमें जॉर्जकुट्टी हर बार कानून की आंखों में धूल झोंककर अपने परिवार को बचा लेता है। लोग अब इस मर्डर मिस्ट्री को और लंबा खींचने के पक्ष में नहीं दिख रहे हैं और अजीबोगरीब क्रिएटिविटी के जरिए अपनी भड़ास निकाल रहे हैं।
कैसा रहा है साल 2013 से अब तक का सफर?
आपको बता दें कि इस रोमांचक सफर की शुरुआत साल 2013 में हुई थी जब निर्देशक जीतू जोसेफ ने मलयालम फिल्म दृश्यम से पूरी दुनिया को हैरान कर दिया था। मोहनलाल की सादगी और उनके दिमाग की चतुराई ने इस फिल्म को एक कल्ट क्लासिक बना दिया। इसके बाद इसके कई भाषाओं में रीमेक बने और हर बार कहानी ने सफलता के नए झंडे गाड़े। अब जबकि दृश्यम 4 की घोषणा हो चुकी है, तो सबसे बड़ा सस्पेंस यही बना हुआ है कि इस बार जॉर्जकुट्टी के सामने कौन सी नई मुसीबत खड़ी होगी। हालांकि अभी तक फिल्म की कहानी को लेकर कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन पुरानी यादों और पुराने केस की परछाई इस बार भी कहानी का हिस्सा हो सकती है।
क्या इस बार अजय देवगन को मिलेगा नया रोजगार?
हिंदी फिल्म जगत में जब दृश्यम का नाम आता है तो अजय देवगन का चेहरा सामने आ जाता है। इसी बात पर तंज कसते हुए एक यूजर ने लिखा कि यह फ्रेंचाइजी अब प्रधानमंत्री अजय देवगन रोजगार योजना बन चुकी है। दर्शकों का मानना है कि जैसे ही मोहनलाल की मलयालम फिल्म आएगी, उसके कुछ समय बाद अजय देवगन भी अपनी टीम के साथ 2 अक्टूबर की यादें ताजा करने लौट आएंगे। फिलहाल चौथे भाग को लेकर सस्पेंस और कॉमेडी का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और हर कोई बस यही जानना चाहता है कि क्या इस बार कानून के हाथ जॉर्जकुट्टी के गले तक पहुंच पाएंगे या कहानी फिर से कोई नया मोड लेगी।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


