Nora Fatehi Rs 3 Crore Defamation: सोशल मीडिया पर किया गया एक छोटा सा मजाक कभी-कभी गले की फांस बन जाता है और ऐसा ही कुछ बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही के साथ हुआ है। महज एक चार्टर्ड विमान को ‘लेगो एयरप्लेन’ और अमेज़न से मंगवाया गया ‘खिलौना’ कहना अभिनेत्री को इतना महंगा पड़ा कि अब उन पर 3 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज हो गया है। ड्यून्स एविएशन नामक कंपनी ने अदालत का दरवाजा खटाखटाते हुए दावा किया है कि नोरा के इस गैर-जिम्मेदाराना बर्ताव और उनकी सोशल मीडिया स्टोरीज की वजह से कंपनी के बिजनेस को तगड़ा झटका लगा है। गांधीनगर कोर्ट में इस हाई-प्रोफाइल मामले की अगली सुनवाई अब 25 सितंबर को होने वाली है, जिस पर पूरी फिल्म इंडस्ट्री की नजरें टिकी हुई हैं।
आखिर क्या था वो वीडियो जिसने खड़ा किया इतना बड़ा विवाद?
इस पूरे बवाल की जड़ पिछले साल दिसंबर महीने की एक हवाई यात्रा है, जब नोरा फतेही मुंबई से जयपुर जा रही थीं। यात्रा के दौरान उन्होंने ड्यून्स एविएशन के एक बिजनेस जेट में सफर किया और विमान के अंदर के कुछ वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर कर दिए। करीब 4.6 करोड़ फॉलोअर्स वाली नोरा ने वीडियो में विमान के छोटे साइज का मजाक उड़ाते हुए उसे ‘मिनीएचर’ बता दिया था। उन्होंने तंज कसते हुए इसे एक ऐसा खिलौना करार दिया जिसे मानो ऑनलाइन शॉपिंग साइट से ऑर्डर किया गया हो। उस वक्त नोरा को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह मजाक कंपनी की साख को मिट्टी में मिला देगा और उन्हें कानूनी नोटिस थमा दिया जाएगा।
कंपनी को कैसे हुआ करोड़ों का नुकसान?
विमानन कंपनी ने अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों में साफ तौर पर कहा है कि नोरा के इन बयानों के बाद उनकी बुकिंग में 15 से 20 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट देखी गई है। कंपनी का आरोप है कि अभिनेत्री के पास कोई तकनीकी जानकारी नहीं थी, फिर भी उन्होंने विमान की सुरक्षा और मानकों पर सवालिया निशान लगा दिए। ड्यून्स एविएशन के अनुसार, नोरा की बड़ी फैन फॉलोइंग के कारण यह भ्रामक जानकारी जंगल की आग की तरह फैली, जिससे फ्लाइट कैंसिलेशन बढ़ गए और उनकी कमर्शियल प्रतिष्ठा को गहरा नुकसान पहुंचा। अप्रैल में दर्ज कराए गए इस मुकदमे में कंपनी ने साफ किया है कि वह सेसना साइटेशन CJ2 विमान पूरी तरह सुरक्षित और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA से प्रमाणित था।
क्या है कंपनी की मांग और अब आगे क्या होगा?
3 करोड़ रुपये के भारी-भरकम मुआवजे की मांग के साथ-साथ विमानन कंपनी ने अदालत से कुछ और सख्त कदम उठाने की अपील की है। कंपनी चाहती है कि नोरा फतेही अपने सोशल मीडिया अकाउंट से उन सभी अपमानजनक वीडियो और पोस्ट को तुरंत डिलीट करें जो उनकी साख को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा, कंपनी ने नोरा से एक सार्वजनिक स्पष्टीकरण की भी मांग की है ताकि लोगों के बीच विमान की सुरक्षा को लेकर फैली गलतफहमी दूर हो सके। अब सबकी निगाहें 25 सितंबर की तारीख पर हैं, जब सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में इस मामले पर आगे की जिरह होगी और तय होगा कि नोरा फतेही को इस ‘खिलौने’ वाले कमेंट के लिए कितनी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


