Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे आना शुरू हो गए हैं। अब तक के रुझानों में भाजपा फिर से बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं, कांग्रेस को फिर से हार का मुंह देखना पड़ सकता है। हालांकि, यह रुझान पल पल बदल रहे हैं। जहां सुबह के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस ने जबरदस्त बढ़त बनाते हुए कुछ ही समय में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया था। 90 सीटों में से 46 सीटों पर बढ़त बनाई हुई थी। लेकिन 10 बजे के बाद हरियाणा चुनाव रोचक मोड़ पर पहुंच गया और रुझानों में कांग्रेस पीछे होती गई और भाजपा लगातार बढ़त बनाती गई।
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 12 बजे तक के रुझानों में 90 सीटों में से 49 सीटों पर भाजपा, कांग्रेस 35 सीटों पर INLD 1 व BSP 1 व अन्य 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
चुनाव जीतने के बाद हरियाणा में कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
इसी बीच अब सवाल उठता है कि अगर हरियाणा में भाजपा फिर से सत्ता में आती है तो मुख्यमंत्री कौन बनेगा। तो इसका जवाब हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने मतगणना के बीच दे दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर नायब सिंह सैनी ही मुख्यमंत्री बनेंगे।




