Two Wheeler Toll Tax News: टोल टैक्स को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि दोपहिया वाहनों पर टोल वसूली का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि मीडिया के कुछ हिस्सों में यह भ्रामक खबरें चलाई जा रही हैं कि 15 जुलाई से दोपहिया वाहनों से भी टोल वसूला जाएगा, जो पूरी तरह गलत है।
गडकरी ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा कि “मैं साफ करना चाहता हूं कि इस तरह की कोई योजना सरकार की तरफ से नहीं बनाई गई है। दोपहिया वाहनों पर पहले की तरह टोल टैक्स की छूट बरकरार रहेगी।” उन्होंने बिना तथ्यों के सनसनी फैलाने वाली पत्रकारिता की भी आलोचना की।
फास्टैग पास योजना से यात्रियों को बड़ी राहत
18 जून को नितिन गडकरी ने फास्टैग पास स्कीम की घोषणा की थी, जो खास तौर पर मेट्रो शहरों में रोजाना सफर करने वालों के लिए राहत लेकर आई है। इस योजना के तहत अब बार-बार टोल प्लाजा पर लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। फास्टैग पास से ट्रैफिक भी कम होगा और समय की भी बचत होगी।
3000 रुपये में सालभर की सुविधा, 15 अगस्त से होगी शुरुआत
गडकरी द्वारा घोषित इस नई योजना के तहत 3000 रुपये देकर एक साल में 200 बार टोल प्लाजा से गुजरने की सुविधा मिलेगी। यह पास सिर्फ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और नेशनल एक्सप्रेसवे (NE) के टोल प्लाजा पर मान्य होगा। हालांकि, स्टेट हाईवे पर लागू नहीं होगा। यह योजना 15 अगस्त 2025 से लागू की जाएगी।




