Bhiwadi Factory Fire: राजस्थान के अलवर जिले के भिवाड़ी में एक जूता बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लग गई। इस हादसे में करोड़ों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। भिवाड़ी के रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित डेइम इंडिया कंपनी में यह हादसा हुआ। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से ही साफ दिखाई दे रहा था।
जूते और कच्चा माल जलकर राख
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में जूते बनाने का कच्चा माल और तैयार जूते भारी मात्रा में रखे हुए थे। इस वजह से आग बहुत तेजी से फैली। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान जाने की खबर नहीं है।
आग के कारणों की होगी जांच
हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को सतर्क किया गया और घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई, ताकि दमकल और राहत-बचाव टीमों के काम में किसी तरह की बाधा न आए।
बताया जा रहा है कि आग देर रात लगी, जिसके कारण फैक्टरी में श्रमिकों की संख्या कम थी। यही वजह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, फैक्टरी में रखा करोड़ों रुपये का कच्चा-पक्का माल और मशीनरी आग की चपेट में आने से भारी नुकसान की आशंका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति और आग लगने के कारणों का पता चल सकेगा।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


