Cold Wave Alert: राजस्थान के कई जिलों में ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार की रात के तापमान में आई गिरावट के बाद पूरे प्रदेश में ठिठुरन का माहौल है। उत्तरी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो गई, और बुधवार को दिनभर चली ठंडी हवाओं ने ठंड का अहसास और बढ़ा दिया।
शेखावाटी में कड़ाके की ठंड
उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर खत्म होते ही राजस्थान में एक बार फिर उत्तरी हवाएं सक्रिय हो गई हैं। बुधवार को सर्द हवाओं के चलते प्रदेश में तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। सीकर, फतेहपुर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया, जबकि शेखावाटी क्षेत्र में कड़ाके की ठंड के कारण ओस की बूंदें जम गईं। मौसम विभाग ने चूरू, झुंझुनूं, सीकर और नागौर जिलों के लिए अगले दो दिनों तक कोल्ड-वेव की चेतावनी जारी की है। हालांकि बुधवार को घने कोहरे से राहत रही और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहा, जिससे दिन में तेज धूप खिली।
अगले सप्ताह ठिठुरन बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि प्रदेश में ठंड का आलम अगले एक सप्ताह तक बना रहेगा। विभाग ने झुंझुनू, सीकर, चूरू, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
ठंडी हवाओं से प्रदूषण में राहत
ठंड के बीच राजस्थान के निवासियों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि ठंडी हवाओं के चलते वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार देखा गया है। जयपुर का AQI सुधरकर 119 पर पहुंच गया है। वहीं, भिवाड़ी, जो पहले प्रदूषण का केंद्र बना हुआ था, वहां भी अच्छी गिरावट देखी गई है और अब AQI 214 पर है। सीकर, कोटा और जैसलमेर जैसे जिलों में भी हवा की गुणवत्ता 200 से नीचे बनी हुई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।




