North India Cold Wave: उत्तरी भारत से आने वाली ठंडी हवाओं ने राजस्थान का तापमान गिरा दिया है। इस शुक्रवार को राज्य का पारा पहली बार 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सीकर, अलवर और फतेहपुर समेत 10 से अधिक शहरों में इस मौसम का अब तक का सबसे निचला तापमान दर्ज किया गया। बाड़मेर-फलोदी मौसम केंद्र जयपुर ने आने वाले हफ्ते के लिए सीकर और टोंक में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में ठिठुरन भरी सुबह, पारा पहुंचा 5 डिग्री
शुक्रवार की रात राजस्थान के फतेहपुर में तापमान 5 डिग्री और नागौर में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों शहरों में सुबह-शाम शीतलहर का असर रहा, जिससे ठिठुरन बनी रही। वहीं, सीकर का तापमान 6 डिग्री, सिरोही 8, दौसा 6.9, करौली 8.7, बारां 9.5, झुंझुनूं 9.3, चूरू 8.2, अलवर 8.5, पिलानी 9.5 और वनस्थली (टोंक) 8.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। अजमेर का न्यूनतम तापमान 10.5, भीलवाड़ा 11.6, जयपुर 12.6, चित्तौड़गढ़ 11, जोधपुर 11.1, उदयपुर 12, जैसलमेर और बीकानेर 13, हनुमानगढ़ 12.5, बाड़मेर 15.7 और गंगानगर 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दिन में भी नहीं मिली राहत, पारा 30 से नीचे
राजस्थान के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। बाड़मेर का सबसे अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री दर्ज किया गया। बीकानेर 30.8, जैसलमेर 31, जोधपुर 30.4, श्रीगंगानगर 30.5, फलोदी 30.6 डिग्री पर रहा। चूरू 29.7, जयपुर 28.5, उदयपुर 27.4, अजमेर 29, भीलवाड़ा 27.5, अलवर 28.4, सीकर 27, करौली 27.3, प्रतापगढ़ 27.1, बारां 28.9 और चित्तौड़गढ़ 29.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
सीकर-टोंक में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा और उत्तरी हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा। 15 और 16 नवंबर को टोंक और सीकर में सुबह-शाम कोल्ड वेव का असर रहेगा, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।




