Rajasthan Cold Wave Alert: राजस्थान में एक बार फिर से सर्द हवाओं का कहर बढ़ने वाला है। शीतलहर के चलते 10 दिसंबर से तापमान में गिरावट की शुरुआत होगी, विशेषकर शेखावाटी के इलाकों में। मौसम विभाग ने सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर जिलों में अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म, धूप ने दी राहत
पश्चिमी विक्षोभ के खत्म होते ही सोमवार को राज्यभर में धूप खिली दिखी, जिससे कई शहरों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई। पाली, कोटा, बारां, पिलानी और जयपुर में धूप की चटक के चलते लोगों ने राहत की सांस ली।
फतेहपुर में तापमान 4.4 डिग्री
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में दर्ज किया गया, जहां यह 4.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। वहीं, जैसलमेर में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जोकि सोमवार के मुकाबले 2.1 डिग्री कम था। राजस्थान के मौसम में अचानक आए इस बदलाव से लोगों में चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए शेखावाटी के चार जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।




