Rajasthan Cold Wave: राजस्थान में ठंड का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आने वाले तीन दिनों में यहां बर्फीली हवाएं और बढ़ेंगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 शहरों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में बढ़ती ठंड और कोहरा लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गए हैं। प्रदेश के कई हिस्से कंपकंपा देने वाली ठंड से जूझ रहे हैं। उत्तर की ओर से आने वाली बर्फीली हवाओं ने यहां के तापमान को और गिरा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की कमी दर्ज हो सकती है, जिससे दिन और रात दोनों ही अत्यधिक सर्दी का सामना करेंगे। दौसा में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और अलवर में 3.6 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलवर, दौसा, भरतपुर, जयपुर, और झुंझुनू सहित कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर के बढ़ने की संभावना है। राजधानी जयपुर में सर्द हवाओं ने ठंड का असर और अधिक बढ़ा दिया है। जयपुर का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री और न्यूनतम 7.6 डिग्री दर्ज किया गया है। कई जगहों पर दिन का तापमान 20 डिग्री से भी नीचे जा सकता है।
घने कोहरे से सड़कों पर दृश्यता घटी
कोहरे के चलते सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। वाहन चालकों से कहा गया है कि वे गाड़ियों की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक सीमित रखें ताकि किसी भी हादसे से बचा जा सके। ठंड बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी बढ़ गई है।




