Rajasthan Weather:
राजस्थान में मानसून की जबरदस्त एंट्री हुई है, जिससे कई इलाकों में भारी तबाही जैसी स्थिति बन गई है। राज्य के ब्यावर जिले में पिछले 24 घंटों में नौ इंच यानी लगभग 225 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस मूसलाधार बारिश ने पिछले सारे पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है। विभाग की तरफ से गुरुवार के लिए ग्यारह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
ब्यावर के बदनौर में रिकॉर्डतोड़ बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार ब्यावर के पास बदनौर इलाके में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है। इस तेज पानी के कारण खेत, सड़कें और निचले इलाके पूरी तरह पानी में डूब गए हैं। स्थानीय बरसाती नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे आम जीवन प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही भीलवाड़ा और अजमेर में भी तीन से पांच इंच तक बरसात दर्ज की गई है। राज्य के डूंगरपुर, बांसवाड़ा, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, भरतपुर, नागौर, बूंदी, अलवर और पाली जिलों में भी दो इंच तक पानी बरसा है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर क्या चेतावनी दी है?
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में मानसून के बहुत ज्यादा सक्रिय रहने के लिए पूरी तरह अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। मानसून की ट्रफ लाइन इस समय बीकानेर, टोंक, गुना और दमोह से गुजर रही है। वहीं उत्तर-पूर्वी राजस्थान के हिस्से पर मजबूत चक्रवाती परिसंचरण तंत्र एक्टिव है। इन दोनों कारणों से प्रदेश में अगले 48 घंटे तक मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। विशेषकर दक्षिणी राजस्थान में बहुत भारी बारिश की संभावना है। 25 जुलाई के बाद पश्चिमी राजस्थान में वर्षा में थोड़ी कमी देखी जा सकती है, लेकिन पूर्वी और दक्षिणी क्षेत्रों में बादल बरसते रहेंगे।
अगले कुछ दिनों को लेकर मौसम विभाग का बड़ा अपडेट
- मौसम विभाग ने हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, कोटा, उदयपुर, पाली और राजसमंद में तीस से चालीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
- जयपुर में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
- ब्यावर में तापमान 24 डिग्री न्यूनतम और 29 डिग्री सेल्सियस अधिकतम रहने का अनुमान है।
- श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 38 डिग्री सेल्सियस तापमान और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
- बीकानेर और जैसलमेर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
- उदयपुर में तापमान सबसे कम रहने का अनुमान है, जहां न्यूनतम 23 डिग्री और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


