Rajasthan Weather Change: राजस्थान में एक बार फिर से अचानक ठंडक बढ़ गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले हफ्ते एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जो हल्की बारिश का कारण बन सकता है। गुरुवार को बादल छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट आई, जिससे सुबह और शाम को ठंडक महसूस की गई।
शेखावाटी में ठंडी हवाओं का दौर
राजस्थान में गुरुवार को हल्के बादल छाने से मौसम में अचानक ठंडक बढ़ गई। सीकर, चूरू, और फतेहपुर जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम था। शेखावाटी क्षेत्र में सुबह-शाम ठंडी हवाएं चलने से तापमान में चार डिग्री तक की कमी देखी गई। फतेहपुर, चूरू, और सीकर में तापमान में गिरावट ने लोगों को सर्दी का एहसास कराया।
वेस्टर्न डिर्स्टबेंस का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य में देखने को मिल सकता है। हालांकि, सिस्टम की कमजोरी और नमी की कमी के कारण बारिश नहीं हो सकी। कुछ क्षेत्रों में हल्की ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई।
अगले सप्ताह बारिश की उम्मीद
जयपुर मौसम केंद्र ने आगामी दो सप्ताह के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। उन्होंने 18 फरवरी के बाद राज्य में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। इस अवधि में हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, 15 फरवरी के बाद से सर्दी के प्रभाव में कमी आने की उम्मीद है, और तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है।




