Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम का रुख बदलता नजर आ रहा है। सुबह-शाम की ठंड में कमी आई है और शनिवार को राज्य के 10 से अधिक शहरों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग जयपुर केंद्र के अनुसार आने वाले सप्ताह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में राज्य के आसमान पर बादल नहीं छाए और दिनभर धूप खिली रही। बाड़मेर ने सबसे अधिक तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।
मौसम ने बदला मिजाज
शनिवार को राज्य के कई शहरों में तापमान ने 30 डिग्री का आंकड़ा पार कर लिया। चित्तौड़गढ़, फलोदी और बीकानेर में अधिकतम तापमान क्रमशः 31.2, 31.8 और 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह, जैसलमेर और पाली में भी तापमान 31 डिग्री के पार पहुंचा। नागरिकों का कहना है कि अचानक बढ़ी गर्मी से दिन काफी गर्म हो गया है।
सुहावने दिन, हल्की ठंड की वापसी
जयपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर जैसे शहरों में शनिवार को अच्छी धूप खिली रही जिससे दिन सुहावना रहा। हालांकि, सुबह-शाम की हल्की ठंड ने अभी भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। लोग कुछ गर्म कपड़ों के साथ ही बाहर निकले।
फतेहपुर में सबसे कम तापमान दर्ज
फतेहपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो इसे सबसे ठंडा स्थान बना दिया। वहीं, पाली में यह 10.6 डिग्री और दौसा में 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बाड़मेर की रात सबसे गर्म रही, जहां न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





