Weather Update: राजस्थान में मौसम ने फिर करवट ली है। पिछले कुछ दिनों से बारिश और ओलावृष्टि के बाद राज्य में ठंड ने फिर से दस्तक दी है। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर में 10 जिलों में आज भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। शीतलहर के कारण सीकर और अलवर समेत कई इलाकों में दिन और रात के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट देखी गई है। वहीं, 31 जनवरी से एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है, जिसके चलते आंधी-बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
कोहरे ने बढ़ाई ठंड, शहरों में गिरा तापमान
राज्य में बुधवार को कोहरे और सर्द हवाओं ने ठंड बढ़ा दी। सबसे ज्यादा ठंड पाली में महसूस की गई, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से भी नीचे दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर में कोहरे का प्रभाव देखा गया। इन जिलों के अलावा बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर, और नागौर में भी धुंध ने सर्दी का असर बढ़ाया।
31 जनवरी को फिर बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 29 और 30 जनवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह कोहरा रहेगा। 31 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिर्स्टबेंस सक्रिय होगा, जिससे जयपुर, बीकानेर और भरतपुर में बादल छा सकते हैं और हल्की बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं।
फरवरी में भी रहेगा असर
मौसम परिवर्तन का प्रभाव 1 फरवरी को भी पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में महसूस किया जा सकता है। अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव किसानों के लिए चिंता का विषय हो सकता है, क्योंकि ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना है।




