Sikar News: सीकर शहर की जामदार सड़कों और यातायात की बढ़ती परेशानियों को दूर करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। राधाकिशनपुरा के बाद अब रामू का बास तिराहे से रीको तिराहे तक निर्माणाधीन मुख्य सड़क पर अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का ऐलान किया गया है। 19 दिसंबर 2025 को बुलडोजर चलेगा और सड़क को पूर्ण 150 फीट चौड़ाई में विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक फ्लो में जबरदस्त सुधार होगा।
विकास कार्यों में बाधा बन रहे अतिक्रमण
नगर विकास न्यास (एनडीए) सीकर द्वारा इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सर्विस लेन, फुटपाथ, डिवाइडर और अन्य सुविधाओं का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। सड़क का निर्धारित मार्गाधिकार 45 मीटर (लगभग 150 फीट) है, लेकिन स्थायी और अस्थायी अतिक्रमणों के कारण काम रुका पड़ा है। इनमें दुकानें, मकान, छज्जे, रैंप, टीनशेड, थड़ियां, बैरिकेड और चबूतरे शामिल हैं, जो न केवल निर्माण को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बने हुए हैं।
मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में संयुक्त अभियान
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा के सख्त निर्देशों पर अमल करते हुए उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सीकर को मुख्य मजिस्ट्रेट और तहसीलदार सीकर को सहायक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। इनके नेतृत्व में 19 दिसंबर को सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), नगर परिषद और एनडीए की संयुक्त टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। यह कदम ‘सड़क सुरक्षा अभियान’ का हिस्सा है, जिसका मकसद निर्माण को जल्द पूरा करना और शहरवासियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है।
एनडीए के सचिव जगदीश प्रसाद गौड ने बताया, “यह कार्रवाई अपरिहार्य है। अतिक्रमणों के कारण विकास कार्य ठप हो गया है, जो अंततः आमजन के हित में बाधा डाल रहा है। हम सभी पक्षों से अपील करते हैं कि स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें।”
स्वयं हटाएं अतिक्रमण
एनडीए ने व्यापारियों, दुकानदारों और आमजन से विशेष अपील की है कि कार्रवाई से पहले खुद ही सड़क मार्गाधिकार से अतिक्रमण हटा लें। यदि अभियान के दौरान किसी दुकान, मकान या प्रतिष्ठान को नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह संबंधित पक्ष की होगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल विकास सुनिश्चित करना है, न कि किसी को परेशान करना।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





