Viral Fight Video Khatushyamji: बाबा श्याम की पावन नगरी खाटूश्यामजी में हुई झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह विवाद श्याम कुंड के पास उस वक्त हुआ जब बारिश से बचने के लिए कुछ श्रद्धालु एक दुकान में घुस गए, जिसके बाद दुकानदारों से उनकी तीखी बहस हो गई।
यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब खाटू में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी और उसी समय तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए कुछ श्रद्धालु एक दुकान में शरण लेने पहुंचे। लेकिन दुकान मालिक ने उन्हें वहां से निकलने को कह दिया। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते हाथापाई और फिर लाठीचार्ज तक पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों में जबरदस्त मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। झगड़े के दौरान वहां मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज बारिश के बीच कई लोग लाठियों से एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। थानाधिकारी पवन चौबे ने बताया कि घटना में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और श्रद्धालुओं का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
फिलहाल मंदिर प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर स्थानीय प्रशासन पर सवाल जरूर उठने लगे हैं।




