सीकर इंडस्ट्रियल हादसा: सीकर के जयपुर रोड पर बने रीको इंडस्ट्रियल एरिया में कल रात एक हादसा हो गया। फैक्ट्री से निकले धुएं की वजह से इलाके में रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत और सीने में दर्द महसूस हुआ। हालत बिगड़ने पर 22 से ज्यादा लोगों को अस्पताल ले जाना पड़ा।
सांस लेने में कठिनाई
बीती रात 8:30 से 9 बजे के बीच रीको इंडस्ट्रियल एरिया में लोगों को अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के बच्चों को भी इस घटना के चलते अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। कुछ बच्चों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। डॉक्टर शिवराज सिंह ने जानकारी दी कि सभी मरीज अब सुरक्षित हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
स्कूल के बच्चों ने बताई परेशानी
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल की डायरेक्टर सरोज कड़वासरा ने बताया कि स्टूडेंट्स ने वार्डन को अपनी तकलीफ से अवगत करवाया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस घटना ने अभिभावकों में चिंता बढ़ा दी है।
भट्टी में जलाए कपड़े बने परेशानी की वजह
सीकर एडीएम रतन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में पुराने कपड़े जलाए जा रहे थे, जिससे निकलने वाला धुआं लोगों की तकलीफ का कारण बना। यह फैक्ट्री प्रहलाद सोनी की बताई जा रही है जो घटना के बाद से संपर्क में नहीं हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
पुलिस की सर्च ऑपरेशन और सुरक्षा इंतजाम
शांति नगर की फैक्ट्री में कपड़े जलाकर तांबा निकाला जा रहा था, जो धुएं का मुख्य स्रोत था। पुलिस अब आसपास के इलाकों में भी सर्च अभियान चला रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और कोई केमिकल या पदार्थ तो नहीं जल रहा। अधिकारियों के अनुसार, जांच अभी जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





