Kkhatu Shyam Latest News: नववर्ष की शुरुआत के साथ ही खाटू श्याम मंदिर में भक्तों की उम्मीद से ज्यादा भीड़ उमड़ने लगी है। राजस्थान के सीकर में स्थित प्राचीन खाटू श्याम मंदिर में हर साल की तरह इस बार भी नववर्ष के अवसर पर भक्तों की भारी तादाद देखी जा रही है। इस बार खास बात यह है कि एकादशी तिथि नववर्ष के बिलकुल करीब पड़ रही है, जिससे यहां लाखों की संख्या में भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान मंदिर प्रशासन ने नो पार्किंग क्षेत्र घोषित किया है ताकि भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो।
नए साल की शुरुआत भक्ति से
खाटू श्याम जी के दर्शनों के लिए आने वाले भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। एक ओर जहां लोग नववर्ष का स्वागत होटल और बार में कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर श्याम प्रेमी बाबा के दर्शनों के लिए मंदिर का रुख कर रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट ने इस बार विशेष प्रबंध किए हैं ताकि सभी भक्त आराम से दर्शन कर सकें।
वीआईपी दर्शन पर लगी रोक
नववर्ष के मद्देनजर खाटू श्याम मंदिर में वीआईपी दर्शन की व्यवस्था इस बार बंद रहेगी। मंदिर प्रबंधन और प्रशासन ने इस भीड़ को देखते हुए वीआईपी एंट्री को रोकने का फैसला किया है ताकि आम भक्तों को दर्शन में कोई दिक्कत न हो। बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
मंदिर में 24 घंटे होगी दर्शन की सुविधा
इस बार एकादशी के कारण भक्तों की अत्यधिक भीड़ को संभालने के लिए मंदिर को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया गया है। पूरे क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है, जिससे वाहन मंदिर परिसर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है और मासिक मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा गार्डों की तैनाती की गई है ताकि कोई अव्यवस्था न हो। लगभग 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और पार्किंग के लिए 52 बीघा जमीन आवंटित की गई है। यह इंतजाम 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक जारी रहेंगे, जबकि 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी जाएगी।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


