Jhunjhunu Gold Scam: झुंझुनू में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से गोल्ड लोन के नाम पर हुए घोटाले ने बड़ा खुलासा किया है। बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम में रखे गए गोल्ड लोन के 450 पैकेट्स में से 73 पैकेट्स में असली गहनों की जगह नकली ज्वेलरी रखी गई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इसमें 4.1 किलो सोने का गबन हुआ है, जिसकी बाजार कीमत 6.5 करोड़ रुपये से अधिक है। इस घटना में तत्कालीन शाखा प्रबंधक, उप प्रबंधक और बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट की मिलीभगत की बात सामने आई है।
गहने गिरवी रखने वाले ग्राहक सदमे में, शादी का सपना टूटा
झुंझुनू के नवलगढ़ ब्रांच में जब गबन की खबर फैली तो ग्राहकों में अफरातफरी मच गई। जिन्होंने अपने गहने लोन के बदले बैंक में जमा कराए थे, वे सदमे में आ गए। सुमन के पति का कहना है कि उनकी बेटी की शादी के लिए सोना जोड़ा जा रहा था और अब सब कुछ खो गया है। उन्होंने कहा, बैंक वाले कहते हैं कि सोना मिल जाएगा या सरकार दे देगी, लेकिन कब और कैसे, यह कुछ नहीं बताया जा रहा।
हेराफेरी का खुलासा
बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, जब गोल्ड सेफ का चार्ज डिप्टी मैनेजर सीमा महला को सौंपा जा रहा था, तब इस हेराफेरी का खुलासा हुआ। सोने के पैकेट्स को खोला गया, असली गहनों को हटाया गया और नकली ज्वेलरी से पैकेट्स को फिर से सील कर दिया गया। बैंक की आंतरिक जांच में इस गबन की पुष्टि हुई।
मैनेजर की करोड़ों की संपत्ति पर सवाल
इस घोटाले के मुख्य आरोपी शाखा प्रबंधक अमित कुमार जांगिड़ का नाम सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांगिड़ ने हाल के वर्षों में करोड़ों की जमीनें खरीदी हैं और एक डेयरी प्लांट भी लगाया है। उनके परिवार के लोग सामान्य किसान हैं, लेकिन उनकी संपत्ति में अचानक वृद्धि सवाल खड़े कर रही है।
पीएनबी की प्रतिक्रिया
पीएनबी के असिस्टेंट जनरल मैनेजर सुधीर कुमार साहू ने कहा, प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि कुछ कर्मचारियों ने सोना चोरी किया है। हम जल्दी से जल्दी क्लेम सेटल करने की प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि ग्राहकों को कोई नुकसान न हो।
पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। एएसपी देवेंद्र राजावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





