Agniveer Recruitment Rally: राजस्थान के शेखावाटी अंचल में सेना में शामिल होने का जज्बा एक बार फिर परवान पर है। सीकर जिले के सांवली रोड स्थित खेल स्टेडियम में 1 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस बडे आयोजन में सीकर, झुंझुनू और चूरू के लगभग 13 हजार युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। 23 दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में युवाओं के जोश और अनुशासन की कड़ी परीक्षा होगी। प्रशासन ने इतनी बड़ी संख्या में आने वाले अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
अग्निवीर बनने के लिए युवा तैयार
शेखावाटी की धरती वीरों की जननी मानी जाती है। यहां के सीकर, झुंझुनू और चूरू जिलों का भारतीय सेना से बहुत पुराना रिश्ता है। यहां के गांवों में हर दूसरे घर से कोई न कोई सदस्य देश की सरहद पर तैनात है। सेना में जाना यहां केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि परिवार की प्रतिष्ठा और गौरव की बात समझी जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए हजारों युवा इस रैली में अपना भाग्य आजमाएंगे।
भर्ती रैली के दौरान प्रशासन के सामने क्या हैं बड़ी चुनौतियां?
अक्टूबर का महीना जिला प्रशासन के लिए काफी व्यस्त रहने वाला है। एक तरफ हजारों युवाओं का रेला उमड़ेगा, तो दूसरी तरफ पंचायत चुनाव की तैयारियां भी जोरों पर होंगी। जिला कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
- भीड़ को देखते हुए स्टेडियम के पास मोबाइल टॉयलेट और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है।
- युवाओं के खाने के लिए अस्थाई अन्नपूर्णा रसोई की सुविधा मिलेगी।
- मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और बिजली की चौबीस घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
- पुलिस प्रशासन यातायात और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात करेगा।
- ट्रैक की सुरक्षा के लिए टेंट और डोम सिंथेटिक ट्रैक से बाहर लगाए जाएंगे।
क्लर्क पद के लिए फिजिकल टेस्ट कब होगा?
झुंझुनू सेना भर्ती कार्यालय ने लिखित परीक्षा (CEE) में सफल रहे उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अग्निवीर क्लर्क पद के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 11 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें झुंझुनू और चूरू के अलावा बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के युवा भी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे दौड़ के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले जूते पहनें और अपने सभी मूल दस्तावेज साथ लेकर आएं। बिना कागजी जांच के किसी को भी प्रक्रिया में शामिल नहीं होने दिया जाएगा।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


