Sikar Jewelry Showroom: राजस्थान के सीकर जिले में दिनदहाड़े बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए एक नामी ज्वेलरी शोरूम में डकैती की कोशिश की। यह वारदात पुलिस कंट्रोल रूम और पुलिस लाइन के ठीक सामने हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हथियारबंद नकाबपोश बदमाश शोरूम में घुसे, लेकिन कर्मचारियों की सूझबूझ और सुरक्षा गार्ड्स की मुस्तैदी के चलते उनकी योजना नाकाम हो गई। पकड़े जाने के डर से बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
फायरिंग कर मौके से भागे अपराधी
दोपहर करीब 1 बजे जब शोरूम में कामकाज चल रहा था, तभी अचानक बदमाशों ने धावा बोल दिया। हथियारों से लैस अपराधियों को देखकर एक बारगी वहां मौजूद लोग सहम गए, लेकिन शोरूम के स्टाफ ने हार नहीं मानी। जैसे ही बदमाशों ने लूटपाट शुरू की, स्टाफ ने तुरंत सुरक्षा अलार्म (सायरन) बजा दिया। सायरन की तेज आवाज और गार्ड्स के आक्रामक रुख को देखकर अपराधी घबरा गए। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने गोलियां चलाईं और अपनी गाड़ियों की तरफ भाग निकले।
दो बाइक और कार से पहुंचे थे बदमाश
- वारदात को अंजाम देने के लिए कुल 7 बदमाश आए थे।
- अपराधी दो मोटरसाइकिलों और एक कार में सवार होकर पहुंचे थे।
- घटनास्थल से चंद कदमों की दूरी पर पुलिस कंट्रोल रूम स्थित है।
- भागते समय बदमाशों ने कल्याण सर्किल की दिशा में अपनी गाड़ियां दौड़ाईं।
- बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए शोरूम के अंदर हवाई फायरिंग की।
पुलिस अब अपराधियों को पकड़ने के लिए क्या कर रही है?
इतने सुरक्षित इलाके में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा—तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जिले के बड़े अधिकारी और आरएसी की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल पूरे जिले में ए-श्रेणी की नाकेबंदी कर दी गई है ताकि अपराधी जिले की सीमा से बाहर न निकल सकें। पुलिस की अलग-अलग टीमें सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं और वाहनों के नंबरों के आधार पर सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


