Ramayanam Trailer:
दशकों बाद भारतीय सिनेमा के पर्दे पर पौराणिक गाथा को इतने विशाल स्तर पर उतारने की तैयारी पूरी हो चुकी है, जिसकी पहली झलक ने ही इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण रावण के रूप में सुपरस्टार यश का खौफनाक और प्रभावशाली अवतार है। उनके आक्रामक अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। हालांकि कुछ फैंस को रावण की आवाज में दक्षिण भारतीय लहजा महसूस हुआ और वे इसे और अधिक भारी व गंभीर बनाने की मांग कर रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि मेकर्स ने इस भव्य फिल्म की पहली झलक दिखाने के लिए 30 जुलाई की सुबह 4:15 बजे का समय चुना, जिसे ब्रह्म मुहूर्त माना जाता है। ट्रेलर लीक होने की खबरों के बावजूद दर्शकों की दीवानगी में कोई कमी नहीं आई और सुबह होते ही लाखों लोगों ने इसे देख डाला।
क्या अंतरराष्ट्रीय फिल्मों को टक्कर दे पाएंगे विजुअल्स?
फिल्म के तकनीकी पक्ष ने सिनेमा प्रेमियों को हैरान कर दिया है क्योंकि इसके भव्य सेट्स और आधुनिक वीएफएक्स की तुलना अब सीधे तौर पर हॉलीवुड की बड़ी फिल्मों से की जा रही है। खासतौर पर ट्रेलर के एक सीन की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है जहां रावण और गरुण के बीच भीषण युद्ध दिखाया गया है। इस सीक्वेंस की विजुअल क्वालिटी और एक्शन ने सोशल मीडिया पर सनसनी पैदा कर दी है। फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी तगड़ी है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के बेहद शांत और संयमित रूप में नजर आ रहे हैं, वहीं साई पल्लवी माता सीता की सादगी को पर्दे पर उतार रही हैं। हालांकि सीता के लुक को लेकर दर्शकों की राय बंटी हुई है, जहां कुछ को उनकी सादगी पसंद आई तो कुछ को उनके चेहरे पर दिव्य तेज की कमी महसूस हुई।
कौन निभा रहा है दशरथ और मंथरा का किरदार?
फिल्म की सहायक कास्ट में भी कई मंझे हुए सितारों को जगह दी गई है जो कहानी में जान फूंकने के लिए तैयार हैं। टीवी की दुनिया के मशहूर राम यानी अरुण गोविल अब महाराज दशरथ की भूमिका में दिखेंगे, जबकि लारा दत्ता रानी कैकेयी के रूप में अपना दम दिखाएंगी। इनके साथ ही इंदिरा कृष्णन माता कौशल्या और शीबा चड्डा मंथरा के नकारात्मक किरदार में अपनी छाप छोड़ने वाली हैं। भरत की भूमिका अदीनाथ कोठारे को दी गई है, जबकि रावण के परिवार में भी बड़े नाम शामिल हैं। काजल अग्रवाल मंदोदरी के रूप में और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में पर्दे पर नजर आने वाली हैं। दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और शानदार सिनेमैटोग्राफी ने इस ट्रेलर को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया है, जिससे अब बड़े पर्दे पर इसे देखने की बेताबी बढ़ गई है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


