RBSE Exam 2027: राजस्थान में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए एक बड़ी खबर है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) अजमेर ने साल 2027 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया है। अब यह परीक्षाएं अपने तय समय यानी फरवरी महीने में आयोजित नहीं की जाएंगी। बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट साझा करके विद्यार्थियों को इस फैसले की जानकारी दी है। हालांकि, अभी तक बोर्ड की तरफ से परीक्षा की नई तारीखों का एलान नहीं किया गया है।
जनगणना के चलते फरवरी में नहीं होंगी बोर्ड परीक्षाएं
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के इस बड़े फैसले के पीछे देश में होने वाली जनगणना है। बोर्ड के अनुसार, साल 2027 में होने वाली जनगणना के काम के कारण फरवरी महीने में 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं कराना संभव नहीं होगा। इससे पहले बोर्ड ने 7 नवंबर को परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया था, जिसे अब वापस ले लिया गया है। ऐसे में परीक्षाओं के लिए अब एक नया टाइम टेबल तैयार किया जाएगा।
2027 का टाइम टेबल फिर से होगा जारी
बोर्ड की पिछली घोषणा के मुताबिक, परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होने वाली थीं। इस बार बोर्ड ने परीक्षा के समय में भी बड़ा बदलाव किया था। पहले यह परीक्षाएं सुबह 8:30 बजे से होती थीं, लेकिन नए नियमों के तहत परीक्षा का समय सुबह 10:30 बजे तय किया गया था। नए फैसले के बाद अब पुराना परीक्षा कार्यक्रम मान्य नहीं होगा। समय में कोई और बदलाव होगा या नहीं, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी नजर बनाए रखें जिससे कोई भी जरूरी जानकारी छूट न पाए।
- राजस्थान बोर्ड ने 2027 की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को फिलहाल टाल दिया है।
- साल 2027 में होने वाली जनगणना के चलते यह फैसला लिया गया है।
- बोर्ड ने छात्रों की तैयारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर मॉडल पेपर जारी कर दिए हैं।
- छात्रों को सलाह दी गई है कि वे नए टाइम टेबल के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर लगातार नजर बनाए रखें और अपनी पढ़ाई जारी रखें।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


