Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने जयपुर सहित राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की आशंका जताई है। इसके साथ ही विभाग ने कई इलाकों के लिए पीला अलर्ट भी जारी किया है। इस मौसमी बदलाव के चलते राज्य में आने वाले दिनों में तापमान में बड़ी गिरावट देखी जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बादलों की आवाजाही से तापमान में गिरावट
मौसम में आए बदलाव का असर राज्य के तापमान पर भी देखने को मिला। राजस्थान के कई शहरों में दिन के अधिकतम तापमान में 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। सिरोही में तापमान करीब 10 डिग्री तक नीचे आया। इसके अलावा बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर, पिलानी और बीकानेर में भी पारे में गिरावट दर्ज हुई। हालांकि, शनिवार को जैसलमेर 40.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
अगले दो दिन बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के ऊपर सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण हवाओं का पैटर्न बदला है। बंगाल की खाड़ी से बने सिस्टम के असर से भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर बना हुआ है। अगले दो दिनों में बारिश का असर कुछ और क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। सितंबर के अंतिम दिनों में बदले मौसम से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी स्थिति बन सकती है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


