India’s Top 1%: बॉलीवुड के एवरग्रीन स्टार अनिल कपूर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपने नए क्विज शो को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं, लेकिन इसी शो के मंच पर उनके फिल्मी भविष्य को लेकर एक ऐसा दावा किया गया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। गुजरात से आए मशहूर ज्योतिषी भागेश रणपुरा ने शो के दौरान एक बड़ी भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि आने वाले 14 महीनों के भीतर अनिल कपूर की कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का धुआंधार कलेक्शन करने वाली है। यह सुनकर खुद अभिनेता भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए और उनकी दिलचस्पी इस बात को लेकर और बढ़ गई कि आखिर उनके करियर का अगला बड़ा धमाका कौन सा होने वाला है।
क्या सच में ओडिशा के किसान थे अनिल कपूर?
इस दिलचस्प बातचीत का सिलसिला सिर्फ बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि ज्योतिषी ने अनिल कपूर के पिछले जन्म के रहस्यों से भी पर्दा उठाया। भागेश रणपुरा का दावा है कि अपने पिछले जन्म में अनिल कपूर ओडिशा के एक साधारण किसान परिवार में पैदा हुए थे। वह न केवल भगवान शिव के परम भक्त और साधक थे, बल्कि अपनी नेकदिली और दान-पुण्य के लिए भी जाने जाते थे। ज्योतिषी के अनुसार आज अनिल कपूर जिस मुकाम पर हैं और उन्हें जो अपार सफलता मिल रही है, वह उनके पिछले जन्म के इन्हीं पुण्य कर्मों और ईश्वरीय आशीर्वाद का परिणाम है। इन बातों को सुनकर अनिल काफी प्रभावित नजर आए और उन्होंने किसानों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि आज हम जो कुछ भी हैं, वह देश के किसानों की बदौलत ही हैं।
मदारी की दुआ और डांस का क्या है कनेक्शन?
भविष्यवाणी के पिटारे से एक और अनोखी बात निकलकर सामने आई कि अनिल कपूर अपने पिछले जन्म में पारंपरिक नृत्य यानी डांस भी किया करते थे। ज्योतिषी ने बताया कि उन्होंने उस समय एक मदारी की मदद की थी और उस शख्स की दुआओं का असर आज भी उनके जीवन पर सकारात्मक रूप से बना हुआ है। अपने अतीत से जुड़ी इन अनसुनी कहानियों को सुनकर अनिल कपूर इतने उत्साहित हो गए कि उन्होंने तुरंत ज्योतिषी से उस जगह का पता पूछ लिया। अभिनेता ने कहा कि वह अक्सर ओडिशा जाते रहते हैं और अगर उन्हें उस सटीक स्थान की जानकारी मिल जाए, तो वह वहां जरूर जाना चाहेंगे। इस पर ज्योतिषी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वह जल्द ही इस बारे में और गहरी रिसर्च करके उन्हें पूरी जानकारी देंगे। मनोरंजन और रहस्यों से भरा यह शो इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो हर शनिवार और रविवार रात 8 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


