Ramayana Movie: ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने एक ऐसा खुलासा किया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है। रणबीर कपूर की मुख्य भूमिका वाली इस महागाथा की दुनिया में खुद को पूरी तरह झोंकने के लिए रहमान ने करीब 10 से 12 बड़ी फिल्मों के ऑफर ठुकरा दिए। गोवा में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान उन्होंने दिल खोलकर बात की और बताया कि वे पिछले तीन साल से सिर्फ इसी प्रोजेक्ट की धुनें तैयार करने में रमे हुए हैं। रहमान ने स्पष्ट किया कि उन्हें इतने बड़े फिल्मकारों के प्रोजेक्ट्स छोड़ने का कोई मलाल नहीं है, बल्कि उन्हें इस बात का गर्व है कि वे इस पौराणिक गाथा का हिस्सा हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का संगीत रहमान अकेले नहीं बना रहे, बल्कि उनके साथ मशहूर जर्मन संगीतकार हैंस जिमर भी सुरों का जादू जगा रहे हैं।
क्या रावण तांडव के लिए हुई कड़ी मेहनत?
रहमान ने बताया कि रामायण की लय को पकड़ने के लिए उन्होंने और उनकी टीम ने कड़ी मशक्कत की है। किसी भी धुन को फाइनल करने से पहले उसे कई बार तराशा गया। उन्होंने खासतौर पर रावण तांडव का जिक्र करते हुए कहा कि इसके करीब 12 से 13 वर्जन तैयार किए गए थे। कई कंपोजिशंस को एक दर्जन से भी ज्यादा बार बदला गया और आखिरकार उस धुन पर मुहर लगी जो पूरी टीम को पसंद आई। रहमान का मानना है कि जब तक काम उनकी कलात्मक समझ को संतुष्ट नहीं करता, वे उसे आगे नहीं बढ़ाते। उनके लिए पारंपरिक भारतीय संगीत और आधुनिक ग्लोबल साउंड को एक साथ पिरोना एक बड़ी चुनौती थी, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया है।
कैसी है नितेश तिवारी की रामायण की स्टारकास्ट?
यह फिल्म भारतीय महाकाव्य का एक भव्य सिनेमाई रूपांतरण है जिसे दो हिस्सों में दर्शकों के सामने पेश किया जाएगा। फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में दिखेंगे, वहीं साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। साउथ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के रोल में जान फूंकेंगे। रहमान ने अपनी पसंद के बारे में बात करते हुए कहा कि वे तभी किसी प्रोजेक्ट से जुड़ते हैं जब उनका उससे गहरा जुड़ाव हो। उन्होंने माना कि पारंपरिक संगीत पर काम करते समय वे जानबूझकर आधुनिक संगीत भी सुनते थे ताकि दोनों के बीच एक सही संतुलन बना रहे, भले ही कई बार दोनों शैलियों को अलग रखना मुश्किल भरा रहा हो।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


