The Bvlgari Pink: करीब सात दशकों तक एक यूरोपीय खानदान की तिजोरी में कैद रहने के बाद, भारत की मिट्टी से निकला एक बेशकीमती राज अब दुनिया के सामने आने वाला है। हम बात कर रहे हैं 24 कैरेट के उस असाधारण गुलाबी हीरे की, जिसे 1950 के दशक में भारत से खरीदा गया था और अब साल 2026 में इसकी कीमत ने पूरी दुनिया के रईसों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यह हीरा सिर्फ एक पत्थर नहीं बल्कि इतिहास का एक पन्ना है, जिसे इटली के मशहूर लग्जरी ब्रांड बुल्गारी ने एक बेहद खूबसूरत अंगूठी में जड़ा था। अब 10 नवंबर 2026 को स्विट्जरलैंड के जिनेवा में होने वाली क्रिस्टीज की मैग्निफिसेंट ज्वेल्स नीलामी में यह हीरा आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 172 करोड़ रुपये यानी 1.8 करोड़ डॉलर तक आंकी गई है।
क्या है इस गुलाबी हीरे का भारतीय कनेक्शन?
इस नायाब रत्न की कहानी दशकों पुरानी है, जब एक यूरोपीय कुलीन परिवार के परदादा ने 1950 के दशक में भारत से इसका कच्चा रूप खरीदा था। भारत हमेशा से ही अपनी गोलकुंडा खदानों और उच्च गुणवत्ता वाले हीरों के लिए विश्व प्रसिद्ध रहा है और यह हीरा भी उसी विरासत का हिस्सा माना जा रहा है। द बुल्गारी पिंक नाम से मशहूर इस रत्न को खरीदने के बाद इसे तराशने और सजाने का काम बुल्गारी को सौंपा गया। 1950 का वह दौर रोम में सिनेमा और फैशन के सुनहरे युग का गवाह था, और उसी समय इस हीरे को एमराल्ड कट देकर एक अंगूठी का रूप दिया गया। दिलचस्प बात यह है कि पिछले 70 सालों से यह हीरा किसी सार्वजनिक मंच पर नहीं आया था और इसे एक निजी संग्रह में बेहद हिफाजत से रखा गया था।
कितनी खास है इसकी चमक और बनावट?
द बुल्गारी पिंक की सबसे बड़ी खासियत इसका 24 कैरेट वजन और फैंसी इंटेंस पिंक रंग है, जो रत्नों की दुनिया में बहुत ही दुर्लभ माना जाता है। इसे एमराल्ड कट में तराशा गया है, जिसमें हीरे की सतह पर सीढ़ीनुमा पहलू बनाए जाते हैं ताकि उसकी पारदर्शिता और गहरे गुलाबी रंग की चमक उभरकर सामने आए। क्रिस्टीज के ऑटम लग्जरी वीक के दौरान 5 से 10 नवंबर 2026 तक इसे प्रदर्शनी के लिए रखा जाएगा, जहां दुनिया भर के बड़े खरीदार इसे करीब से देख सकेंगे। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी शुरुआती कीमत 1.2 करोड़ से 1.8 करोड़ डॉलर के बीच रखी गई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि नीलामी के दौरान लगने वाली बोलियां इस आंकड़े को कहीं ऊपर ले जा सकती हैं।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


