DUSU Election 2025: दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ चुनाव में इस बार आर्यन मान ने बाजी मारी। ABVP के इस उम्मीदवार ने न सिर्फ जीत दर्ज की, बल्कि अपने प्रतिद्वंद्वी जोसलिन नंदिता चौधरी को बड़े अंतर से हराकर DUSU अध्यक्ष का पद हासिल किया। ये चुनाव सिर्फ कॉलेज नहीं, बल्कि देश की राजनीति का शुरुआती मंच माने जाते हैं। आइए जानते हैं आर्यन मान की कहानी।
आर्यन की बड़ी जीत
दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव 2025 के नतीजों में ABVP के आर्यन मान ने 28,841 वोट पाकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। NSUI की जोश्लिन नंदिता चौधरी को उन्होंने 16,196 वोटों के बड़े अंतर से हराया। उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला ने 8,792 वोटों से जीत हासिल की। वहीं, सचिव पद पर ABVP के कुणाल चौधरी ने 7,662 वोटों से जीत दर्ज की। संयुक्त सचिव पद पर भी ABVP की दीपिका झा ने अपनी जीत दर्ज कराई।
आर्यन मान का सफर
बहादुरगढ़, हरियाणा के रहने वाले आर्यन मान का राजनीति में गहरा जुड़ाव है। हंसराज कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद वे दिल्ली यूनिवर्सिटी से एमए कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उनकी गहरी रुचि रही है। छात्र आंदोलनों में वे हमेशा आगे रहे हैं, खासकर फीस वृद्धि और हॉस्टल सुविधाओं जैसे मुद्दों पर।
परिवार और समर्थन
आर्यन एक प्रतिष्ठित व्यापारिक परिवार से आते हैं। उनके पिता सिकंदर मान ADS ग्रुप के कार्यकारी निदेशक हैं। आर्यन के भाई विराट मान भी व्यवसाय में सक्रिय हैं और उन्होंने चुनावी कैंपेन में आर्यन का पूरा साथ दिया। इस बार के चुनाव में आर्यन को बॉलीवुड और मनोरंजन जगत का समर्थन भी मिला। संजय दत्त, रणदीप हुड्डा, विंदू दारा सिंह और सांसद मनोज तिवारी जैसे दिग्गजों ने खुलकर उनका समर्थन किया, जिससे उनकी लोकप्रियता में इजाफा हुआ।




