Jaisalmer Accident: राजस्थान के जैसलमेर में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद प्राइवेट बस ऑपरेटर्स ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नई पहल शुरू की है। अब यात्रियों को यात्रा शुरू होने से पहले इमरजेंसी दरवाजे और खिड़की के उपयोग की जानकारी देने के साथ-साथ सुरक्षा उपायों के डेमो भी दिखाए जा रहे हैं। यह कदम यात्रियों की सुरक्षा के लिए पहली बार उठाया गया है जो हवाई जहाज के एयर होस्टेस सुरक्षा ब्रीफिंग की तर्ज पर है।
यात्रा पहले से ज्यादा सुरक्षित
जैसलमेर बस हादसे के बाद राजस्थान के बस ऑपरेटर्स ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब बसों में पीछे के दरवाजे और इमरजेंसी खिड़की के आसपास बैठने की जगह को साफ रखा जा रहा है। यात्रियों को बताया जा रहा है कि इमरजेंसी स्थिति में कैसे दरवाजे और खिड़की का उपयोग करें। इसके साथ ही बसों में आग से बचाव के उपकरण और कांच तोड़ने के लिए हथौड़े के स्थान की जानकारी भी दी जा रही है।
ऑपरेटर्स की पहल
राजस्थान प्राइवेट बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अब बस के कंडक्टर और ड्राइवर यात्रियों को यात्रा शुरू होने से पहले सुरक्षा उपायों के बारे में ब्रीफिंग कर रहे हैं। यह प्रक्रिया हवाई जहाज के एयर होस्टेस की तरह है, जहां मुसाफिरों को इमरजेंसी गेट और खिड़की के आसपास के उपकरणों की जानकारी दी जाती है।
क्या यह पहल बनी रहेगी?
यात्रियों को सुरक्षा उपायों की जानकारी देने की यह प्रक्रिया जैसलमेर हादसे के बाद शुरू की गई है। हालांकि, महत्वपूर्ण सवाल यह है कि यह पहल लंबे समय तक जारी रहेगी या नहीं। ऑपरेटर्स का कहना है कि उनकी टीम यात्रियों के हर सवाल का जवाब देने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हमेशा तत्पर है। अब देखना होगा कि यह पहल भविष्य में कितना प्रभावी साबित होती है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





