NEET-JEE Coaching Free: राजस्थान के सरकारी स्कूलों के छात्र अब प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी बिना किसी आर्थिक बोझ के कर सकेंगे। राजस्थान सरकार ने एक अनूठी पहल के तहत सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा का ऐलान किया है। इसके लिए राज्य सरकार ने लोकप्रिय शिक्षा प्लेटफॉर्म फिजिक्स वाला ऐप के साथ करार किया है। इस करार के तहत कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वीडियो लेक्चर, स्टडी मैटेरियल और प्रैक्टिस प्रश्न जैसे संसाधन मुफ्त में उपलब्ध होंगे। इस निर्णय से छात्रों को महंगी कोचिंग संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे घर बैठे ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
छात्रों को मिलेगा लाभ
राजस्थान शिक्षा विभाग ने इस कदम को शिक्षा में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने वाला बताया है। फिजिक्स वाला ऐप के माध्यम से छात्र भौतिकी, गणित, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के उच्च गुणवत्ता वाले पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, कक्षा 8 के छात्र एनएमएमएस परीक्षा की तैयारी भी इसी ऐप के जरिए कर सकेंगे।
सरकार का बड़ा कदम
इस एमओयू के बाद राज्य के सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे इस योजना के क्रियान्वयन में सहयोग दें। साथ ही, ऐप के माध्यम से संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की निगरानी भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि प्रत्येक तीन माह में संबंधित जिला नोडल प्रभारियों को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
छात्रों में उत्साह की लहर
इस पहल से छात्रों और उनके अभिभावकों में खासा उत्साह है। कई अभिभावकों का कहना है कि अब उनके बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। यह कदम शिक्षा के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत माना जा रहा है।
शिक्षा विभाग की योजना
फिलहाल यह एमओयू दो वर्षों तक लागू रहेगा, जिसे आवश्यकता पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है। इस योजना से राजस्थान के छात्रों को नि:शुल्क उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा मिल सकेगी, जिससे वे अपने भविष्य के लिए मजबूती से तैयार होंगे।




