Sikar Gas Leakage: सीकर के जयपुर रोड स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में देर रात अचानक जहरीली गैस के रिसाव से अफरातफरी मच गई। लोगों ने सांस लेने में दिक्कत और सीने में दर्द की शिकायत की। इस घटना ने क्षेत्र के निवासियों में दहशत फैला दी।
सांस लेने में परेशानी, अस्पताल में भर्ती
सीकर के अस्पताल में रात भर मरीजों की आवाजाही रही। करीब 22 से अधिक लोगों को सांस लेने में समस्या और सीने में दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या रात 8:30 से 9 बजे के बीच शुरू हुई। सबसे अधिक प्रभावित लाल बहादुर शास्त्री स्कूल के छात्र रहे, जिनमें से एक दर्जन को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
छात्रों में खौफ, ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत
छात्रों के बीच अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई छात्रों को ऑक्सीजन सपोर्ट की जरूरत पड़ी। स्कूल की डायरेक्टर सरोज कड़वासरा ने बताया, “छात्रों ने तुरंत वार्डन को खबर दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।” डॉक्टर शिवराज सिंह ने बताया कि सभी मरीज अब सुरक्षित हैं और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।
प्रशासन ने की जांच, कारण का खुलासा
प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मामले की जांच शुरू की। सीकर के एडीएम रतन कुमार ने कहा, “इंडस्ट्रियल एरिया में किसी भट्टी में पुराने कपड़े और अन्य सामान जलाए जा रहे थे, जिससे जहरीली गैस का रिसाव हुआ। यह शुरुआती जांच का निष्कर्ष है।” अधिकारी मामले की तह तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रहे हैं।




