Sikar News: यूं तो पति-पत्नी मरते दम तक साथ निभाने का वादा करते हैं, लेकिन राजस्थान के सीकर जिले के नीमकाथाना इलाके में एक पति ने पत्नी के मरने के बाद भी उसका साथ निभाया। यहां पूछलावाली ढाणी में 95 वर्षीय एक बजुर्ग महिला की मौत हुई तो कुछ देर बाद ही पति ने भी दम तोड़ दिया। अमर प्रेम की कहावत को चरितार्थ करती घटना के बाद दोनों पति-पत्नी का अंतिम संस्कार भी बाद में साथ ही किया गया। घटना की गांव सहित पूरे जिले में चर्चा रही।
हमेशा साथ ही रहते थे दंपति
ग्रामीणों के अनुसार 95 वर्षीय बिड़दी देवी और उनके हम उम्र पति श्रीराम यादव का विवाह करीब 80 साल पहले हुआ था। गांव में इनका साथ हमेशा से चर्चा का विषय रहा। क्योंकि दोनों हमेशा ही साथ रहते और साथ ही कहीं आते— जाते थे। ढलती उम्र के साथ उनका साथ और प्रेम और प्रगाढ़ हो चला था। इसी बीच गुरुवार को जब बिड़दी देवी की सांसे टूटी तो पति श्रीराम यादव अकेलेपन का आघात नहीं सह सके और कुछ देर बाद ही उनकी भी सांसों की डोर टूट गई।
एक ही चिता पर अंतिम संस्कार
बिड़दी देवी व श्रीराम की अंतिम यात्रा भी भावुक कर देने वाली रही। अंतिम यात्रा से पहले परिजनों ने बिड़दी देवी को सुहागिन के श्रृंगार के साथ तैयार किया। इसके बाद पति व पत्नी की एक साथ अंतिम यात्रा निकाली गई। जिसे देखने के लिए भी लोगों की भीड़ उमड़ गई। अंत्येष्टि स्थल पर भी दोनों को एक चिता पर ही साथ लिटाकर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उन्हें देख हर किसी की आंखें नम हो गई। पति पत्नी की एक साथ मौत व एक ही चिता पर अंतिम संस्कार को ग्रामीणों ने सच्चे प्रेम की मिसाल बताया। घटनाक्रम की पूरे नीमकाथाना कस्बे में चर्चा रही। दोनों के फोटो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





