Sikar Temple Theft: सीकर के रामलीला मैदान इलाके में स्थित काल भैरव मंदिर में बीती रात चोरी की वारदात हुई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि चोर ने मंदिर में घुसने से पहले बाहर बैठकर आराम से बीड़ी पी। इसके बाद उसने लोहे के सरिए से गेट का ताला तोड़ा और मंदिर में रखे चांदी के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोर का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
सीसीटीवी कैमरे में क्या नजर आया?
जब मंदिर के सीसीटीवी फुटेज देखे गए तो चोर की अजीब हरकतें सामने आईं। रात करीब सवा तीन बजे एक युवक चेहरे पर काला कपड़ा बांधकर मंदिर के बाहर पहुंचा। उसके हाथ में एक लोहे का सरिया था। मंदिर के गेट पर पहुंचने के बाद वह वहीं बैठ गया और बीड़ी पीने लगा। बीड़ी खत्म करने के बाद उसने सरिए से गेट तोड़ा और अंदर घुस गया।
घटना से जुड़े मुख्य बिंदु क्या हैं?
- पुजारी गोविंद जब सुबह सवा चार बजे मंदिर पहुंचे तब उन्हें चोरी का पता चला।
- चोर मंदिर के अंदर से चांदी के छत्र चुराकर ले गया है।
- यह मंदिर व्हाइट हाउस वाली गली में काल भैरव का है।
- घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की गश्त के बावजूद कैसे हुई चोरी?
इस घटना ने पुलिस की मुस्तैदी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस जगह यह मंदिर है वहां से पुलिस चौकी की दूरी महज 400 मीटर बताई जा रही है। इलाके में रात के समय पुलिस की गश्त होने का दावा भी किया जाता है। इसके बाद भी चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर निकल गया। फिलहाल पुलिस चोर की तलाश में जुटी है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


