Sikar Crime News: राजस्थान के सीकर जिले में ठगी का मामला सामने आया है। चूरू के एक सर्राफा व्यापारी के मुनीम को बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने शहर के व्यस्त इलाके में खुद को सरकारी अधिकारी बताकर जांच के बहाने लाखों रुपये के सोने के जेवर लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सर्राफा बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया है।
बदमाशों ने किस तरह बिछाया लूट का जाल?
चूरू के रहने वाले आशुतोष सोनी अपने मुनीम गणपत दास के साथ 8 अक्टूबर को व्यापार के सिलसिले में सीकर पहुंचे थे। शाम के समय जब मुनीम घंटाघर इलाके से काम करवाकर चांदपोल गेट की ओर पैदल जा रहा था, तभी एक अनजान शख्स ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। क्लब फॉक्स शोरूम के पास पहुंचते ही उस व्यक्ति ने मुनीम को रोक लिया। बदमाश ने रौब जमाते हुए खुद को बड़ा अधिकारी बताया और कहा कि उसे साहब ने पूछताछ के लिए बुलाया है।
थप्पड़ मारकर छीना गहनों का बैग
जब बदमाश मुनीम को थोड़ा दूर अपने दूसरे साथी के पास ले गया, तो वहां बैग की तलाशी लेने का नाटक किया गया। जैसे ही मुनीम ने इसका विरोध करना चाहा, बदमाशों ने उसे थप्पड़ जड़ दिया और चुपचाप खड़े रहने की धमकी दी। इसके बाद वे बैग से सोने के कीमती जेवर निकालकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों का सुराग लग सके।
- लूट में करीब 160.640 ग्राम वजन का कटा हुआ सोना चोरी हुआ है।
- बैग में 3.300 ग्राम के सोने के चार मंगलसूत्र और 34 सोने के मोती रखे थे।
- बदमाश 5 ग्राम की सोने की नथ और एक पैंडल सेट भी छीन ले गए।
- घटना सीकर के कोतवाली थाना इलाके में व्यस्त चौराहे पर हुई।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


