Jaisalmer Bus Fire 2025: जैसलमेर से जोधपुर जा रही एक निजी बस में अचानक लगी आग ने मंगलवार को पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। वार म्यूजियम के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई लोगों की जान ले ली, जबकि दर्जनों घायल हो गए। गनीमत रही कि पुलिस और दमकल विभाग ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
आग लगने की वजह से मची अफरा-तफरी
जैसलमेर से करीब 20 किलोमीटर दूर बस में अचानक आग लगने से चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। बस में कुल 57 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 से ज्यादा लोग आग की चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि कुछ यात्री बाहर निकलने में नाकाम रहे। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए और घायलों को जवाहिर अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों की मदद में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुछ घायलों को गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जनप्रतिनिधियों की प्रतिक्रिया
हादसे की खबर सुनकर शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने इसे बेहद दुखद बताया और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन से घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बायतु विधायक हरीश चौधरी ने भी इस हादसे को हृदयविदारक बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। पोकरण विधायक ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और घटनास्थल पर पहुंचने की बात कही।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए, ताकि पीड़ित परिवारों को मदद मिल सके। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों को हर संभव सहायता और घायलों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से राहत कार्य में तेजी आई है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert





