Bhilwara Bus Accident: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहाजपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-148D पर नागदी बांध के नजदीक भोपाल से जोधपुर जा रही एक निजी स्लीपर बस तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक बस पलटने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में कुल 21 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बस हादसे में 21 यात्री घायल, 7 भीलवाड़ा रेफर
यह हादसा बुधवार सुबह करीब ढाई बजे राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148D पर नागदी बांध के पास बने एक तीखे मोड़ पर हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। सभी जख्मियों को इलाज के लिए पास के जहाजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार मिलने के बाद 14 लोगों को छुट्टी दे दी गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल 7 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए भीलवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों के इलाज के निर्देश दिए।
खतरनाक मोड़ पर लगातार हादसे, प्रशासन बेपरवाह
स्थानीय लोगों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-148D पर नागदी बांध के पास स्थित तीखा मोड़ लंबे समय से हादसों का कारण बना हुआ है। इसे क्षेत्र का खतरनाक ब्लैक स्पॉट माना जाता है, जहां आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। इस मोड़ को सुरक्षित बनाने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिक कई बार प्रदर्शन और आंदोलन भी कर चुके हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार हादसे होने के बावजूद प्रशासन की ओर से इसे सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हर बड़े हादसे के बाद अधिकारियों की ओर से आश्वासन तो दिए जाते हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


