88.4 FM Dhadak Launched in Neem Ka Thana: नीमकाथाना शहरवासियों के लिए यह किसी तोहफे से कम नहीं है। अब नीमकाथाना की आवाज गूंजेगी 88.4 एफएम धड़क पर। पहली बार शहर को मिला है अपना खुद का सामुदायिक रेडियो स्टेशन, जहां स्थानीय मुद्दे, मनोरंजन, जानकारी और जमीनी हकीकतें एक साथ सुनाई देंगी। होटल जय विलास, रीको इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार को इस नए रेडियो स्टेशन की लॉन्चिंग सेरेमनी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

इस मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक और सैनिक कल्याण बोर्ड राजस्थान सरकार के चेयरमैन प्रेम सिंह बाजोर रहे। उन्होंने कहा, “यह नीमकाथाना के लिए गर्व का क्षण है। एफएम सीकर 89.6 की टीम को धन्यवाद, जिनकी बदौलत अब यहां 88.4 एफएम धड़क के रूप में नई शुरुआत हुई है।”

रेडियो बना भरोसे का माध्यम
कार्यक्रम की शुरुआत आरजे शान ने की और रेडियो की ताकत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में रेडियो ही एक ऐसा माध्यम है, जो बिना किसी मिलावट के सटीक और तथ्य आधारित जानकारी देता है। एफएम सीकर ने पहले भी प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना, स्वच्छ भारत अभियान जैसे मुद्दों पर जनजागरूकता फैलाई है। अब वही प्रयास नीमकाथाना में 88.4 एफएम धड़क के जरिए दोहराए जाएंगे।
यह भी जरूर पढ़ें...

क्वालिटी पर हो फोकस, नहीं सिर्फ प्रचार
मुख्य अतिथि प्रेम सिंह बाजोर ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में मार्केटिंग से ज्यादा जरूरत है क्वालिटी की। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जहां गुणवत्ता होती है, वहां लोग लाइन में लगते हैं। रेडियो जैसे माध्यम से समाज में चल रहे मिलावट, बीमारी और अन्य गंभीर विषयों पर जागरूकता लाने की जरूरत है।

लोगों के सहयोग से मिली उड़ान
रेडियो स्टेशन के डायरेक्टर डॉ. अमित माथुर ने कहा, “यह सफर सिर्फ हमारी टीम का नहीं, बल्कि पूरे नीमकाथाना और सीकर के लोगों का है। आप सबके सहयोग और विश्वास से ही यह संभव हो पाया है।”
इस खास मौके पर आरजे सूरज, आरजे रूपाली कुमावत, आरजे भारती शर्मा, आरजे चांदनी, आरजे संदीप, कपिल, मनीष, अंकित सहित पूरी टीम मौजूद रही।

कार्यक्रम में इन्होंने जमाई महफील
रेडियो लॉन्च कार्यक्रम में कई खास मेहमानों ने अपनी मौजूदगी से समा बांधा। बापू सेहत के लिए फेम सरताज खान ने अपनी दमदार प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया। वहीं बन्नाजी फिल्म के चर्चित कलाकार गजराज बना ने अपने अंदाज से महफिल में रंग भर दिया। इन कलाकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

हर उम्र और रुचि के लिए कुछ खास
88.4 एफएम धड़क पर पूरे दिन भर ऐसे कार्यक्रम होंगे जो हर वर्ग को जोड़ेंगे। जानिए कौन-कौन से कार्यक्रम रहेंगे प्रमुख:
- वंदन (आरजे संदीप) – सुबह 5 से 7 बजे
- हैप्पी मॉर्निंग्स (आरजे शान) – सुबह 7 से 11 बजे
- हैलो वुमनिया (आरजे रूपाली कुमावत) – 11 से 1 बजे दोपहर
- कृषि दर्शन (आरजे भारती) – दोपहर 1 से 2 बजे
- भारत के जांबाज (आरजे रूपाली कुमावत) – दोपहर 2 से 3 बजे
- सिटी बीट्स (आरजे भारती) – दोपहर 3 से 5 बजे
- ईवनिंग शो (आरजे चांदनी) – शाम 5 से रात 8 बजे
- रेट्रो रिपीट (आरजे संदीप) – रात 8 से 11 बजे



Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert






