Sikar New Flyover: सीकर शहर के निवासियों को ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए फतेहपुर रोड से पिपराली रोड को जोड़ने वाला नया ओवरब्रिज आज सुबह 9 बजे से जनता के लिए खोल दिया गया है। इस खास मौके पर पुलिस प्रशासन ने खुशी जताते हुए आम जनता और ऑटो चालकों का मुंह मीठा कराया। एएसपी डॉ. तेजपाल सिंह ने लोगों को लड्डू खिलाए और सभी से यातायात के नियमों का पालन करने का आग्रह किया। फिलहाल इस पुल पर केवल हल्के वाहनों को ही जाने की अनुमति दी गई है।
किन रास्तों से होकर गुजरेगा आपका वाहन?
नए फ्लाईओवर के शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। फतेहपुर रोड से पिपराली रोड और नवलगढ़ रोड अब सीधे जुड़ गए हैं। ट्रैफिक इंचार्ज मनोज भाटीवाड़ ने बताया कि सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए बैरिकेटिंग और सिंगल लेन मैनेजमेंट लागू किया गया है।
- नवलगढ़ रोड वाले हिस्से का उपयोग अभी केवल उतरने के लिए किया जा सकेगा, वहां से चढ़ने की अनुमति नहीं है।
- कल्याण सर्किल या फतेहपुर रोड की तरफ जाने के लिए नवलगढ़ रोड के ट्रैफिक को पुरानी पुलिया का रास्ता चुनना होगा।
- फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड का निर्माण कार्य भी अब तेजी से पूरा किया जाएगा।
- पिपराली रोड के पास सर्विस रोड बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की तैयारी भी कर ली गई है।
भारी वाहनों के लिए क्या हैं नए नियम?
जिला कलेक्टर आशीष मोदी के अनुसार, अभी इस ओवरब्रिज को ट्रायल के तौर पर शुरू किया गया है। सुरक्षा कारणों से इस पर भारी वाहनों के चलने पर पाबंदी लगाई गई है।
- नए पुल पर केवल कार, ऑटो-रिक्शा, बाइक और स्कूटी जैसे हल्के वाहन ही चल सकेंगे।
- बस और ट्रक जैसे भारी वाहनों को अभी भी पुराने रास्तों का ही उपयोग करना होगा।
- पुल के दोनों तरफ 9-9 मीटर चौड़ी सर्विस रोड तैयार की जा रही है, जिसमें पानी निकासी के लिए नाले भी शामिल हैं।
- इस चौथे ओवरब्रिज के शुरू होने से प्रतिदिन करीब 10 हजार वाहनों को जाम के झंझट से राहत मिलेगी।
Want a Website like this?
Designed & Optimized by Naveen Parmuwal
Journalist | SEO | WordPress Expert


